अजय नागर/राष्ट्र सम्मत/जयपुर।
जयपुर। भारत सरकार द्वारा भारत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 'RSS' के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आज 100 रुपए मूल्य का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। साथ ही स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। इस संदर्भ में वित्त मंत्रालय द्वारा राजपत्र अधिसूचना जारी की गई है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत में एक राष्ट्रीय संगठन है। जो व्यक्तियों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। राष्ट्रीय चेतना जागृति का कार्य करता है। 1925 में स्थापित यह संगठन समय के साथ गुलामी से आज़ादी,
व्यक्तित्व-निर्माण, विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से सामाजिक कार्य, जन जन में राष्ट्रीय चेतना जागृति, नेतृत्व क्षमता का विकास, सामुदायिक सेवा जैसे कार्य करता आ रहा है।
शाखा के माध्यम से स्वयंसेवको को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सार्थक योगदान देने के लिए सशक्त बनाता है। एकता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति प्रेम को बढ़ावा देता है।
ऐसे बनेगा सिक्का
100 रुपए के सिक्के की धातु संरचना में शुद्ध चांदी धातु शामिल होगी। जिसमें 999.9 प्रतिशत चांदी होगी। सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा और इसका व्यास 44 मिमी होगा, जिसमें किनारे पर 200 दांते होंगे।
सिक्के का विवरण
सिक्के के आगे की तरफ बीच में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित होगा। जिसके नीचे “सत्यमेव जयते“ लिखा होगा। बाईं परिधि पर देवनागरी लिपि में “भारत“ शब्द और दाईं परिधि पर अंग्रेजी में “INDIA“ शब्द अंकित होगा। इसमें सिंह शीर्ष के नीचे अंतर्राष्ट्रीय अंकों में रुपया चिह्न ₹ और मूल्यवर्ग 100 भी अंकित होगा।
सिक्के के पीछे की ओर भारत माता की छवि के साथ प्रणाम करते हुए तीन स्वयंसेवको का चित्र होगा। चित्र के बाईं और दाईं ओर क्रमशः अंतरराष्ट्रीय अंकों में वर्ष 1925 और 2025 अंकित होगा। सिक्के के ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष“ लिखा हो सकता है। सिक्के के निचले परिधि पर अंग्रेजी में “100 YEARS OF RASHTRIYA SWAYAMSEVAK SANGH" उत्कीर्ण होगा। चित्र के नीचे संस्कृत भाषा मे "राष्ट्राय स्वाहा इदं राष्ट्राय इदं न मम" उत्कीर्ण लेख अंकित होगा।