विशाल दशहरा महोत्सव आदर्श नगर में



जयपुर। श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। यह प्रदेश का सबसे विशाल दशहरा महोत्सव होगा। आदर्श नगर के दशहरा मैदान में शनिवार 12 अक्टूबर 2024 को आयोजित किया जाएगा।

सभा के महामंत्री अनिल खुराना ने बताया कि इस बार रावण का विशालकाय पुतला 105 फीट का होगा। कुंभकर्ण का पुतला 90 फीट का होगा।
 
अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया कि सभा के द्वारा सन 1956 से दशहरा महोत्सव मनाया जा रहा है। इस बार राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद मंजू शर्मा करेंगी।
विशिष्ट अतिथि मेयर सौम्या गुर्जर, कुसुम यादव, विधायक कालीचरण सराफ और रफीक खान होंगे। विशेष आमंत्रित समाजसेवी विवेक लड्ढा, भाजपा नेता अशोक परनामी, सरदार अजय पाल सिंह, रवि नय्यर होंगे। क्षेत्रीय पार्षद स्वाति परनामी, ऋतु मोतियानी, नीरज अग्रवाल आदि को भी आमंत्रित किए गया हैं।

संयोजक राजीव मनचंदा ने बताया कि इस बार  आतिशबाजी का विशेष आयोजन किया गया है।आतिश बाजी में नियाग्रा फॉल के  जैसा नज़ारा देखने को मिलेगा।रंगीन झरने बहेंगे। सावन भादो में जैसे आसमान से पानी की बूंदें बरसती हैं, ऐसे ही आतिश बाज़ी की छोटी छोटी बूंदें फुहार के रूप में बरसेंगीं। आसमान में स्टार वार जैसा नज़ारा होगा। फलक  से अशर्फियां बरसेंगी। ज़मीन से सुनहरी अनार छूटेंगे। बीच बीच में धूमकेतु जैसा नज़ारा भी दिखाई देगा। हवाई मछलियां आकाश मे पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण की ओर दौड़ती दिखेंगी। कहीं कहीं आसमानी आक्टोपस रंगीन रोशनी बिखेरेंगे।बांस पर घूमती चकरियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
ज़मीन से लाल, हरी, नीली, पीली हवाइयां छूटेंगी तो आसमान रंगीन हो उठेगा। आसमान में रंगीन सितारों का समूह दिखेगा। फूलों के गुलदस्ते खिलते दिखेंगे। यह नजारा देख छोटे छोटे बच्चों के मुख से किलकारीया निकलेगी।नवयुवक और नवयुवतियां खुशी व्यक्त करेंगे। रावण दहन के समय रावण की आंखों से शोले और मुंह से आग के गोले निकलेंगे। रावण की नाभि और सर से अग्नि चक्र चलेगा। रावण की  तलवार से सुनहरी चिंगारियां फूटेंगी। लाखों जयपुर वासी इस रावण दहन के कार्यक्रम को देखने आदर्श नगर के दशहरा मैदान में जुटेंगे।

रामलीला संयोजक केशव बेदी ने बताया कि मध्यान्ह तीन बजे श्री राम मंदिर से शोभायात्रा आरंभ होगी। जिसमें लवाजमें के साथ भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूप विराज मान होंगे। महेंद्र बैंड भक्ति संगीत की स्वर लहरियां बिखेरते चलेगा। 

संयुक्त मंत्री  रवि सचदेवा ने बताया कि श्री राम जी की शोभायात्रा राम मंदिर से पंचवटी सर्किल, राजापार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री कृष्ण परनामी मंदिर, श्री कृष्णा मंदिर, बीस दुकान, स्वामी नंदराम मंदिर, स्वामी गंगादास मंदिर, बर्फ खाना, मामा की होटल, पुलिया नंबर 1 से होती हुई वापिस दशहरा मैदान पहुंचेगी। रास्ते में व्यापार मंडल शोभायात्रा का स्वागत करेंगे।

कोषाध्यक्ष लक्ष्मण मालिक ने बताया कि रावण दहन के पश्चात भगवान राम का राज तिलक श्री राम मंदिर में होगा।

मीडिया प्रभारी तुलसी संगतानी ने बताया कि बच्चों के लिए झूले और खाने पीने की स्टॉल्स मेला स्थल पर रहेंगी। रावण दहन का समय सांय 7.30 बजे होगा।
Comments