31 को ही मनाई जाएगी दीपावली: विद्वत सभा
जयपुर। अखिल भारतीय विद्वत् परिषद् ‌द्वारा विद्वत सभा का आयोजन किया गया। सभा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर परिसर में रखी गयी। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर परिसर में आयोजित विद्वत् धर्मसभा वयोवृद्ध ज्योतिषाचार्य प्रो. रामपाल शास्त्री की अध्यक्षता मे हुई।
विद्वत सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल शर्मा ने बताया कि दीपावली मनाने को लेकर विद्वत सभा का आयोजन किया गया। सभा मे 100 से अधिक विद्वानों ने भाग लिया। सभी ने शास्त्रों के आधार पर अपने अपने विचार रखे। सर्वसम्मति से दीपावली 31 को मनाने का निर्णय किया गया।
सभा मे हवामहल विधायक बालमुकुन्दाचार्य, महामण्डलेश्वर श्रीपद्मनाभशरणदेवाचार्य, महन्त मनोहरदास, निदेशक केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रो. सुदेश शर्मा, पूर्व कुलपति प्रो. विनोद शास्त्री, पूर्व कुलपति प्रो. अर्कनाथ चौधरी, प्रो. सतीशचन्द्र शास्त्री, प्रो. भगवती सुदेश शर्मा, प्रो. राकेशमोहन शर्मा, प्रो. गंगासहाय शर्मा, प्रो. कौशलदत्त शर्मा, प्रो. नागेन्द्र प्रतिहस्त, प्रो. ईश्वर भट्ट, प्रो. कृष्णा शर्मा, प्रो. विनोद बिहारी शर्मा, प्रो. सुरेंद्र शर्मा, डॉ. कामेश्वर उपाध्याय, प्रो. मोहनलाल शर्मा, आचार्य अजय नागर आदि सौ से अधिक विद्वानों की उपस्थिति में दीपावली को लेकर वैचारिक मंथन किया गया। समस्त विद्वानों, ज्योतिषाचार्यों, धर्माचार्यों, पंचांगकर्ताओं द्वारा सम्वत् 2081 (वर्ष 2024) में दीपावली पर्व को लेकर धर्मशास्त्रों पर व्यापक विचार-विमर्श एवं समस्त पंचांग सम्मत तिथियों के सूक्ष्म अध्ययनोपरान्त सर्वसम्मति निर्णय लिया गया कि "सम्पूर्ण भारतवर्ष में दीपावली का महापर्व इस वर्ष 31 अक्टूबर 2024, गुरुवार को मनाना शास्त्र सम्मत है। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य दिन दीपावली मनाना शास्त्रानुसार नहीं है।"
प्रवक्ता ने बताया कि इस सर्वसम्मत निर्णय के उपरांत पूरे देश में किसी भी प्रकार के भ्रम व संशय की संभावना नहीं है। सभी सनातन धर्मियों हेतु 31 अक्टूबर 2024 गुरुवार को प्रदोषकाल से मध्यरात्रि व्यापिनी कार्त्तिकी अमावस्या लक्ष्मीपूजन करना शास्त्रसम्मत होगा। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य दिन दीपावली मनाना शास्त्रसम्मत नहीं होगा।
Comments