सभी भाषाओं की जननी है संस्कृत: देवनानी
संस्कृत में शपथ लेने वाले विधायक गणों का सम्मान 

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। यह देवभाषा ही नहीं बल्कि विज्ञान भाषा भी है। विज्ञान, ज्यो‍तिष, खगोलविद्या और चिकित्सा विज्ञान के प्रामाणिक ग्रंथ संस्कृत भाषा में है। 
विधानसभा अध्यक्ष  देवनानी शुक्रवार को केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर परिसर में आयोजित संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण करने वाले सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के विधायक गणों के सम्मान समारोह को सम्बोेधित कर रहे थे। 
समारोह का आयोजन संस्कृत भारती, भारती संस्कृत मास पत्रिका एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर द्वारा किया गया।
देवनानी ने कहा कि संस्कृत संस्कृति की पर्याय है। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक गणो का सम्मान किया। 
सम्मान केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर परिसर के हॉल में किया गया। सम्मान समारोह मे शाल, साफा प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।
सम्मान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित शिक्षामंत्री मदन दिलावर, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, विधायक डॉ गोपाल शर्मा, जेठानंद व्यास, महंत प्रतापपुरी, यूनुस खान सहित 21 विधायको का किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वेद विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉक्टर सुधाकर पांडे ने मंगलाचरण से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समापन पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर परिसर के निदेशक डॉक्टर सुदेश ने आभार ज्ञापित किया।
Comments