भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या: राज्यपाल कलराज मिश्र
महाराजा सूरजमल बृृज विश्वविद्यालय में संविधान पार्क का लोकार्पण व महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का शिलान्यास

जयपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि भारतीय संविधान शासन प्रणाली और राज्य को चलाने के लिए बनाया गया महत्वपूर्ण दस्तावेज ही नहीं है बल्कि यह वह मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ है, जिससे हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का संचालन होता है। 
 राज्यपाल श्री मिश्र संविधान दिवस के अवसर पर शनिवार को भरतपुर के महाराजा सूरजमल बृृज विश्वविद्यालय में नवनिर्मित संविधान पार्क के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित कर रहे थे । उन्होंने महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा का शिलान्यास किया और 'भारतीय संविधान और संस्कृति' विषयक संगोष्ठी का शुभारम्भ भी किया।
 
कुलाधिपति श्री मिश्र ने कहा कि भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या है। इसमें अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को कर्तव्यों के बारे में भी सचेत किया गया है। उन्होंने संविधान दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क बनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को  संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ संविधान प्रदत्त मूल कर्तव्यों की पालना के लिए भी जागरूक करना है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान, संस्कृति और राष्ट्र तीनों एक दूसरे के पूरक है इन तीनों में से किसी एक को अलग नहीं किया जा सकता ।    
राज्यपाल ने महाराजा सूरजमल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने वीरता और शौर्य के साथ सूझ-बूझ, दूरदर्शिता से अपने साम्राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।  मुगल शासकों को ही उन्होंने अपने पराक्रम से नहीं हराया बल्कि उन्होंने राजस्थान के इतिहास को नई ऊंचाईयां प्रदान की। 
  राज्यपाल श्री मिश्र ने  महाराजा सूरजमल के युद्ध कौशल, जीवन मूल्यों, धरोहर और उनके योगदान के बारे में शोध कार्य को प्रोत्साहन देने का सुझाव भी विश्वविद्यालय को दिया ।  
 पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में महाराजा सूरजमल से सम्बंधित सामग्री का संग्रहालय स्थापित किया जाये जिससे उनके इतिहास के बारे में आमजन को जानकारी मिल सके।  
 भरतपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रंजीता कोली ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर हुए संविधान पार्क के लोकार्पण के पश्चात भावी पीढ़ी को संविधान के सम्बंध में जानने की जिज्ञासा जाग्रत होगी जिससे वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकेंगे।  

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर राज्यपाल ने ली बैठक

 कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल श्री मिश्र ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी मुक्त भारत अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय भामाशाहों का भी सहयोग लें।

कार्यक्रम की शुरूआत में राज्यपाल ने उपस्थित जन को संविधान की उद्देशिका का वाचन और मूल कर्तव्य का पठन भी करवाया। 

कार्यक्रम में भर्तहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के कुलपति श्री जे.पी. यादव, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आर. के. सिंह धाकरे, सम्भागीय आयुक्त श्री सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक श्री श्याम सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Comments